
उदयपुर में लगातार बढ़ रही गर्मी का असर अब इंसानों के साथ-साथ पक्षियों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। ऐसे में गुलाब बाग स्थित बर्ड पार्क में पक्षियों को राहत देने के लिए वन विभाग द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। भीषण गर्मी और तेज धूप से बचाव के लिए बर्ड पार्क में ग्रीन नेट लगाए गए हैं, जिससे सीधी धूप को रोका जा सके और अंदर का तापमान नियंत्रित रखा जा सके। इसके अलावा पक्षियों को ठंडक देने के लिए कूलर भी लगाए गए हैं, ताकि उन्हें गर्म हवाओं से राहत मिल सके।अधिकारियों के मुताबिक गर्मी के मौसम में पक्षियों को सबसे ज्यादा खतरा हीट स्ट्रेस और पानी की कमी से होता है। इसे ध्यान में रखते हुए बर्ड पार्क में पानी की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है और समय-समय पर देखरेख की जा रही है। वन विभाग का कहना है कि इन व्यवस्थाओं से न सिर्फ पक्षियों को आराम मिल रहा है, बल्कि उनके स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।गुलाब बाग बर्ड पार्क में किए गए इन इंतजामों को देखने आने वाले पर्यटक भी इस पहल की सराहना कर रहे हैं। यह कदम वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता का भी संदेश देता है कि बदलते मौसम में जीव-जंतुओं की देखभाल कितनी जरूरी है।