
भीलवाड़ा शहर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में कोतवाली थाने में तैनात एएसआई महावीर सिंह की सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली ने जान ले ली। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है, जहां सुबह करीब 10 बजे फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। जानकारी के अनुसार एएसआई महावीर सिंह घर पर अपनी सर्विस रिवॉल्वर को अनलोड कर रहे थे। बताया जा रहा है कि वे रिवॉल्वर से एक-एक कर गोलियां निकाल रहे थे। तीन गोलियां निकालने के बाद जब वे चौथी गोली निकाल रहे थे, तभी अचानक फायर हो गया और गोली उनके सिर में जा लगी। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एसपी धर्मेंद्र सिंह और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया और फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करवाने के बाद शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। डीएसपी सज्जन सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह हादसा प्रतीत हो रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों के अनुसार महावीर सिंह गुरुवार रात ड्यूटी पर थे और शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे घर पहुंचे थे। उन्होंने घर पर चाय बनाने के लिए कहा और इसी दौरान रिवॉल्वर अनलोड करने लगे। उन्होंने यह भी कहा था कि घर में लोडेड रिवॉल्वर रखना ठीक नहीं है। महावीर सिंह साल 2003 में राजस्थान पुलिस में भर्ती हुए थे। हाल ही में उनका हेड कॉन्स्टेबल से एएसआई पद पर प्रमोशन हुआ था। उनके पिता अर्जुन सिंह राठौड़ भी राजस्थान पुलिस में थे, जो वर्ष 2018 में एएसआई पद से सेवानिवृत्त हुए थे।