
राजसमंद जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि श्रीनाथजी मंदिर थाना क्षेत्र के बागोल गांव में चारभुजा मंदिर के पास स्थित एक खेत में भारी मात्रा में अवैध गांजे के पौधे लगाए गए हैं। सूचना के आधार पर एएनटीएफ टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो खेत में बड़ी संख्या में गांजा के हरे पौधे लगे हुए मिले। कार्रवाई के दौरान खेत पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसके बाद पुलिस ने पटवारी को मौके पर बुलाकर राजस्व रिकॉर्ड की जांच करवाई। जांच में सामने आया कि संबंधित खेत जमनी बाई खटीक के नाम दर्ज है। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की, जिन्होंने खेत जमनी बाई का होना बताया। जब पुलिस ने उनकी तलाश की तो जानकारी मिली कि वह फिलहाल गुजरात में हैं। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने खेत में लगे सभी गांजा के पौधों को उखड़वाकर जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान कुल 340 हरे गांजा के पौधे बरामद किए गए। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की खेती के मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही खेत की मालकिन की भूमिका और अवैध खेती के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

03 Aug 2026