
बांसवाड़ा शहर में दहशत का पर्याय बने अपराधियों के खिलाफ कोतवाली थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अयूब खान और उसके साथी अब्दुल रब उर्फ बब्बू, मोहम्मद आसिफ उर्फ हेरी और फैयाज को गिरफ्तार किया है। इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़ित व्यापारी ने अपनी आपबीती पुलिस को बताई। रिपोर्ट के मुताबिक, यह गिरोह व्यापारी के खाते में जबरन लाखों रुपये ट्रांसफर करता था और फिर उस रकम पर 10 से 12 प्रतिशत प्रतिमाह ब्याज के नाम पर मोटी रकम वसूलता था। आरोपियों ने व्यापारी को मौत का डर दिखाकर अब तक 45 लाख रुपये ऐंठ लिए थे। हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने व्यापारी के नाम पर ही एक टोयोटा फॉर्च्यूनर कार खरीदवाई और उसे अपने कब्जे में ले लिया। इतना ही नहीं, गिरोह ने व्यापारी से खाली चेक और स्टाम्प पेपर पर भी जबरन हस्ताक्षर करवा लिए थे। 23 फरवरी को यह अपराधी व्यापारी के मकान की पावर ऑफ अटॉर्नी अपने नाम करवाने की कोशिश कर रहे थे, तभी पुलिस ने सटीक सूचना पर दबिश देकर इन्हें रंगे हाथों धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों का रिकॉर्ड बेहद खतरनाक रहा है। इन पर हत्या, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने अयूब खान के कब्जे से व्यापारी के नाम पर ली गई फॉर्च्यूनर कार को भी जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस इस गिरोह के पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित पीड़ितों की तलाश में जुटी है।
01 May 2026