
उदयपुर शहर का एकलिंगपुरा चौराहा एक बार फिर भीषण सड़क हादसे का गवाह बना। जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां कार मुख्य सड़क से काफी दूर खड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक एक लापरवाह ट्रक चालक पीछे से आया और खड़ी कार को इतनी ज़ोरदार टक्कर मारी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के समय कार में झाड़ेश्वर मंडल के भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष गोपाल सिंह बैठे हुए थे और गनीमत रही कि बड़ी जनहानि नहीं हुई। यह चौराहा शहर के सबसे संवेदनशील ट्रैफिक पॉइंट्स में से एक है। यहीं से गीतांजली अस्पताल की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग गुजरता है, जहां रोज़ाना हजारों मरीज, एंबुलेंस और आम नागरिक आवाजाही करते हैं। इसके बावजूद यहां न तो डिवाइडर है, न बैरियर और न ही कोई ठोस ट्रैफिक कंट्रोल व्यवस्था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां रोज़ हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। हादसे के बाद मौके से प्रशासन, विधायक और कलेक्टर से सीधा आग्रह किया गया कि इसे चेतावनी के रूप में लिया जाए। संबंधित विभाग चाहे पीडब्ल्यूडी हो या हाईवे अथॉरिटी, सभी से मांग की गई है कि यहां तत्काल प्रभाव से डिवाइडर का निर्माण किया जाए। स्थानीय लोगों ने साफ कहा है कि अगर सात दिनों के भीतर इस चौराहे पर सुरक्षा इंतज़ाम नहीं किए गए, तो जनता सड़कों पर उतरने को मजबूर होगी और इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

12 Feb 2026