
उदयपुर जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 27 पर गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा सामने आया, जब सरसों के तेल से भरा एक टैंकर सड़क किनारे पलट गया। हादसा कीर्ति राज होटल के पास हुआ, जहां टैंकर चट्टान से टकराकर अनियंत्रित हो गया और पलट गया। जानकारी के अनुसार टैंकर गुजरात के कांडला से सरसों का तेल लेकर मध्यप्रदेश के नीमच जा रहा था। इसी दौरान गोगुंदा हाईवे पर ढलान के पास चालक ने टैंकर को न्यूट्रल कर दिया, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और चट्टान से टकराकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद टैंकर में भरा सरसों का तेल सड़क किनारे बहने लगा। जैसे ही इसकी सूचना आसपास के गांवों में फैली, सैकड़ों ग्रामीण अपने घरों से खाली बर्तन, बाल्टियां और ड्रम लेकर मौके पर पहुंच गए और बहते तेल को भरने में जुट गए। सूचना मिलने पर गोगुंदा थाने के उप निरीक्षक हितेश यादव पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला गया। घायल चालक की पहचान चिराग भाई ठाकुर निवासी पालनपुर, गुजरात के रूप में हुई है, जिसे तुरंत उपचार के लिए गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके पर तेल भर रहे लोगों को वहां से हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक की लापरवाही सामने आ रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
01 May 2026