
बागीदोरा ब्लॉक में आयोजित इस समीक्षा बैठक में ब्लॉक के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, बीसीएमओ, सीएमएचओ सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में प्राथमिक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति और आमजन को सुलभ एवं प्रभावी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर गहन चर्चा की गई। जिला कलेक्टर ने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं के समय पर पंजीकरण, नियमित एएनसी जांच सुनिश्चित करने और उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की समय रहते पहचान कर समुचित उपचार व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला को गुणवत्तापूर्ण मातृ स्वास्थ्य सेवाएं मिलना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही योग्य दंपति पंजीकरण, परिवार नियोजन साधनों की उपलब्धता और जागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि योग्य दंपतियों का शत-प्रतिशत सर्वे किया जाए और उनका नियमित फॉलोअप हो, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में प्रभावी कमी लाई जा सके। बैठक के बाद जिला कलेक्टर ने डॉ खुशपाल सिंह राठौड़ के साथ उप जिला चिकित्सालय बागीदोरा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपचार कार्यों को मानक संचालन प्रक्रिया और क्लिनिकल प्रोटोकॉल के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने लेबर रूम का निरीक्षण कर सुरक्षित प्रसव सेवाएं और नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा अस्पताल परिसर में हाल ही में निर्मित नए भवन का अवलोकन कर आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान डिप्टी सीएमएचओ डॉ राहुल डिंडोर, बीसीएमओ डॉ प्रवीण लबाना, पीएमओ और जपाइगो से लोकेश शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक और निरीक्षण के माध्यम से ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए।
01 May 2026