
उदयपुर के मल्लातलाई क्षेत्र में स्थित अंबामाता पार्क के पास मंगलवार शाम करीब 4 बजे एक बडा सडक हादसा होते होते टल गया। जानकारी के अनुसार यहां एक ऑटो चालक ने अचानक बीच सड़क पर ब्रेक लगा दी। बताया जा रहा है कि ऑटो चालक सवारी बैठाने के लिए बिना किसी संकेत के जहां यात्री रूकने का ईशारा करते है, वहीं अचानक वाहन रोक देते है और साइड भी नहीं देते। इसी कारण पीछे आ रहा वाहन अचानक असंतुलित हो गया और हादसा होते-होते बच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह वही स्थान है, जहां कुछ महीने पहले एक दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की जान चली गई थी। इसके बावजूद अब तक यहां ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने या सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में मौजूद लोगों में आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि मल्लातलाई-अंबामाता मार्ग पर आए दिन इस तरह की लापरवाही सामने आती है, खासकर ऑटो चालकों द्वारा बिना संकेत के अचानक ब्रेक लगाने की वजह से हादसे का खतरा बना रहता है। गनीमत रही कि इस बार कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन अगर समय रहते प्रशासन ने सख्त कदम नहीं उठाए, तो भविष्य में बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र में ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करवाया जाए, ऑटो चालकों पर नियंत्रण रखा जाए और दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि लोगों की जान बचाई जा सके।
01 May 2026