
उदयपुर जिले के बड़ी पंचायत के उपली बड़ी गांव में शुक्रवार रात को एक दर्दनाक घटना सामने आई। सज्जनगढ़ वन्यजीव अभयारण्य के नजदीक स्थित खेत में काम करने वाले बाबूलाल गमेती पर देर रात तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुआ किसान को कुएं के पास बनी छत से घसीटते हुए करीब 500 मीटर दूर खेत में ले गया, जहां उसकी मौत हो गई। शनिवार सुबह किसान का शव खेत में पड़ा मिला, जबकि एक पैर अलग हो चुका था। कुएं के पास उसके कपड़े, जूते और खून के निशान मिले। सुबह खेत पर मोटर चलाने पहुंचे एक ग्रामीण को सबसे पहले खून फैला नजर आया। खून के निशानों का पीछा करने पर किसान का शव मिला, जिसके बाद गांव में सूचना दी गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वन विभाग और बड़गांव थाना पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमबी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियां लंबे समय से बनी हुई हैं। उपली बड़ी निवासी किशनलाल भील ने बताया कि दो महीने पहले तेंदुआ उनके घर से कुत्ता उठा ले गया था, जबकि आसपास के गांवों में बकरियां, गाय और अन्य मवेशियों का भी शिकार हो चुका है। लोगों ने कई बार वन विभाग में शिकायत की, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई जा सकती हैं।