
सविना पुलिस थाना क्षेत्र में साधु का वेश धारण कर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। 28 जनवरी को प्रार्थी वसंतीलाल, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि वह हनुमान मंदिर, गोपाल मार्बल के पास दर्शन कर घर लौट रहा था, तभी एक कार में बैठे दो व्यक्तियों ने उसे रोका। खुद को बाबा बताते हुए उन्होंने बातों में उलझाया और देखने के बहाने उसके हाथ में पहनी दो सोने की अंगूठियां और एक सोने की चेन उतरवा ली। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और co नगर पूर्व सूर्यवीर सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी सविना गजवीर सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने नरसीनाथ और राजुनाथ को गिरफ्तार किया। आरोपी गुजरात के गांधीनगर के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने करीब एक वर्ष पूर्व केपिटल टॉवर के पीछे एक बुजुर्ग से सोने की चेन ठगने की वारदात भी कबूल की है। पुलिस को आशंका है कि इनसे और भी कई घटनाओं का खुलासा हो सकता है। दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है और उनके खिलाफ चोरी व नकबजनी के दर्जनों मामले दर्ज बताए गए हैं। फिलहाल दोनों आरोपी तीन दिन के पुलिस रिमांड पर हैं और उनसे गहन पूछताछ जारी है।
01 May 2026