
चित्तौड़गढ़ में इन दिनों एक वायरल ऑडियो को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा यह ऑडियो कथित तौर पर चित्तौड़गढ़ के विधायक और परिवहन विभाग के एक अधिकारी के बीच बातचीत का बताया जा रहा है। हालांकि इस ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि ऑडियो में एक व्यक्ति खुद को रविंद्र भूतड़ा बताते हुए आरटीओ इंस्पेक्टर से बातचीत करता है और कहता है कि विधायक की गाड़ी का चालान काट दिया गया है। इसके बाद जब अधिकारी चालान भरने की बात कहते हैं तो कथित तौर पर विधायक को फोन पर लाइन में लेने की बात कही जाती है।ऑडियो में आगे की बातचीत में अधिकारी को कड़ी फटकार लगाए जाने और विवाद बढ़ने की बात सामने आ रही है। यहां तक कि कथित रूप से बातचीत के दौरान गाली-गलौज की स्थिति भी बन जाती है। वहीं खुद को विधायक का प्रतिनिधि बताने वाले व्यक्ति की ओर से गंगरार टोल नाके पर मारपीट की धमकी देने की बात भी कही जा रही है। हालांकि इस वायरल ऑडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं हुई है और मीडिया भी इसकी पुष्टि नहीं करता। अभी तक न तो उस अधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है और न ही विधायक की ओर से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया जारी की गई है। वहीं इस मामले को लेकर पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह जाड़ावत ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी आलोचना की है। गौरतलब है कि इससे पहले भी चित्तौड़गढ़ जिले में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच विवाद के मामले चर्चा में रहे हैं।
01 May 2026