
होली पर्व से पहले आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बांसवाड़ा जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ विशेष अभियान छेड़ दिया है। यह अभियान 24 फरवरी से 2 मार्च तक चलाया जा रहा है, जिसके तहत जिले के विभिन्न कस्बों और बाजारों में औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी उम्मेद मल टेलर के नेतृत्व में गठित टीम ने कलिंजरा, खमेरा, परतापुर, नरवाली और घाटोल क्षेत्र में दुकानों की जांच की। इस दौरान कोल्ड ड्रिंक, मावा मिठाई, मलाई बर्फी, धनिया पाउडर, टमाटर केचप, मिल्क केक, चावल, रसगुल्ला, कलाकंद और बेसन लड्डू सहित कई खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए। इन सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है, ताकि गुणवत्ता और शुद्धता की पुष्टि की जा सके। जांच के दौरान कुछ खाद्य सामग्री संदिग्ध पाई गई। विभाग की टीम ने मौके पर ही 86 किलोग्राम क्रीम टॉफी, फलहारी चिवड़ा, मसाले और अन्य खाद्य सामग्री को नष्ट करवाया। इस कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मच गया और बाजार में सतर्कता बढ़ गई। खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे होली पर्व के दौरान केवल प्रमाणित और विश्वसनीय दुकानों से ही खाद्य सामग्री की खरीद करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध या मिलावटी खाद्य पदार्थ की सूचना तुरंत विभाग को दें। अधिकारियों का कहना है कि अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
01 May 2026