
उदयपुर में शुक्रवार को जिला शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन जिला परिषद सभागार में किया गया। बैठक की अध्यक्षता नमित मेहता, जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य होली पर्व, रमजान माह और आने वाले अन्य त्योहारों के दौरान जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और आपसी भाईचारे को बनाए रखना रहा। बैठक के दौरान कलेक्टर नमित मेहता ने विभिन्न समाज संगठनों, धार्मिक संस्थाओं और शांति समिति के सदस्यों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि उदयपुर की पहचान सांस्कृतिक समरसता और आपसी सौहार्द से है, जिसे हर हाल में बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कलेक्टर ने रंगों के पर्व होली और रमजान के पाक महीने को उल्लास, संयम और सम्मान के साथ मनाने की अपील की। बैठक में एसपी योगेश गोयल ने कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, एडिशनल एसपी उमेश ओझा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, थानाधिकारी, शांति समिति और सीएलजी के सदस्य मौजूद रहे।
01 May 2026