
उदयपुर के आरएनटी मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले होमगार्ड दिलीप खराड़ी ने ही एक महिला प्रोफेसर की स्कूटी चोरी कर ली। घटना 30 जून की है, लेकिन इसका खुलासा करीब छह दिन बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान हुआ। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए पूरी तैयारी कर रखी थी। सीसीटीवी कैमरों से बचने के उद्देश्य से उसने अपनी होमगार्ड की वर्दी के ऊपर सादा शर्ट पहन ली और हेलमेट भी लगाया, ताकि उसकी पहचान आसानी से नहीं हो सके। इसके बावजूद कैमरों में उसकी गतिविधियां रिकॉर्ड हो गईं और जांच के दौरान वही फुटेज पूरे मामले का अहम सबूत बन गई। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को स्कूटी ले जाते हुए देखा गया। इसके बाद जब उससे पूछताछ की गई और उसके सामने पुख्ता सबूत रखे गए तो होमगार्ड दिलीप खराड़ी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। घटना सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. राहुल जैन ने आरोपी होमगार्ड दिलीप खराड़ी को तत्काल प्रभाव से ड्यूटी से हटा दिया है। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है। यह घटना सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है, क्योंकि जिस व्यक्ति पर संस्थान की सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, उसी पर चोरी करने का आरोप साबित हुआ।
09 Jul 2026