
उदयपुर शहर में अपराधियों के बढ़ते हौसले पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। दिन निकलते ही रिहायशी इलाके में हुई चेन स्नेचिंग की कोशिश ने लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। घटना मोगराबाड़ी क्षेत्र की है, जहां शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली 77 वर्षीय कमला कावड़िया को बाइक सवार दो बदमाशों ने अपना निशाना बनाया। जानकारी के मुताबिक दोनों बदमाश महिला के पास पहुंचे और उनकी सोने की चेन छीनने का प्रयास किया। महिला ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें जोरदार धक्का दे दिया। सड़क पर गिरने से कमला कावड़िया की गर्दन, कोहनी और कमर में चोटें आईं। महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बदमाशों को पकड़ने के लिए कॉलोनी के दोनों गेट बंद कर दिए। लोगों को देख आरोपी बाइक लेकर सीढ़ियां पार करने लगे। इस दौरान एक बदमाश गिर भी गया, लेकिन दोनों किसी तरह बाइक संभालकर सर्वऋतु विलास कॉलोनी की ओर फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भागते समय आरोपियों ने सर्वऋतु विलास कॉलोनी में भी एक अन्य महिला से चेन छीनने का प्रयास किया, लेकिन वहां भी उन्हें सफलता नहीं मिली। लगातार हो रही चेन स्नेचिंग की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिस की गश्त पर्याप्त नहीं होने के कारण बदमाश बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से नियमित गश्त बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में निगरानी मजबूत करने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
10 Jul 2026