
उदयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की स्पेशल यूनिट ने गुरुवार को ट्रैप कार्रवाई के दौरान गोवर्धनविलास थाना पुलिस के कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार मीणा को रिश्वत लेते हुए पकड़ने का प्रयास किया। हालांकि आरोपी रिश्वत की राशि लेने के बाद नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल से फरार हो गया। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि एसीबी हेल्पलाइन पर शिकायत मिलने के बाद 19 जुलाई को स्पेशल यूनिट उदयपुर में परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि गोवर्धनविलास थाने में उसके खिलाफ दर्ज मारपीट की शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने की एवज में कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार मीणा 3 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी के उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में स्पेशल यूनिट उदयपुर के प्रभारी अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजीव जोशी के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक लक्ष्मण डांगी ने रिश्वत मांग का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई। 23 जुलाई को एसीबी टीम ने तय योजना के अनुसार कार्रवाई की। आरोपी कांस्टेबल ने अपनी मांग के अनुसार परिवादी से 3 हजार रुपए की रिश्वत राशि ली। जैसे ही टीम ने उसे डिटेन करने का प्रयास किया, वह नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक का फायदा उठाते हुए मोटरसाइकिल से फरार हो गया। फिलहाल एसीबी की टीम फरार आरोपी कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार मीणा की तलाश में जुटी हुई है। मामले में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है।