
उदयपुर से करीब 18 किलोमीटर दूर उमरड़ा खेड़ा गांव में इन दिनों लेपर्ड का आतंक बना हुआ है। पिछले 18 घंटों में लेपर्ड पांच लोगों पर हमला कर चुका है। मंगलवार शाम लेपर्ड के हमले में गंभीर रूप से घायल लोगर लाल मीणा की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद बुधवार को भी लेपर्ड ने गांव में चार अन्य लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हालात को देखते हुए वन विभाग ने गांव को खाली करवाकर करीब 50 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है। लेपर्ड को पकड़ने के लिए वन विभाग की ओर से चार पिंजरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही अलग-अलग स्थानों पर कैमरा ट्रैप भी लगाए गए हैं। वन विभाग की टीमें लगातार इलाके में निगरानी कर रही हैं और लेपर्ड की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।