
उदयपुर को स्मार्ट सिटी का तमगा मिले कई साल हो गए, लेकिन शहर की सड़कों पर कई जगहों की तस्वीर कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। सड़क पर सीवर लाइन और इलेक्ट्रिकल लाइन के लिए बनाए गए होल्स के ढक्कन जगह-जगह क्षतिग्रस्त और उबड़-खाबड़ हो चुके हैं। सड़क के बीचों-बीच मौजूद ये ढक्कन वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। खास तौर पर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति ज्यादा खतरनाक है। सड़क पर ये ढक्कन दूर से सामान्य नजर आते हैं, लेकिन जैसे ही वाहन इनके पास पहुंचता है, अचानक उबड़-खाबड़ हिस्सा सामने आ जाता है। ऐसे में वाहन चालक के पास अचानक धचका खाने या वाहन का संतुलन बिगड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता। देहलीगेट-बापू बाजार कॉर्नर पर भी ऐसा ही एक क्षतिग्रस्त ढक्कन लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। यहां से लगातार वाहनों की आवाजाही रहती है, ऐसे में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। जनप्रतिनिधि उदयपुर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने का दावा करते हैं, लेकिन सड़क पर बुनियादी सुविधाओं की यह स्थिति सवाल खड़े करती है। जरूरत है कि संबंधित विभाग ऐसे क्षतिग्रस्त ढक्कनों को चिह्नित कर जल्द दुरुस्त करवाएं, ताकि स्मार्ट सिटी की सड़कों पर किसी हादसे का इंतजार न करना पड़े।

25 Aug 2026