
उदयपुर में लंबे समय से चल रहा एलीवेटेड रोड प्रोजेक्ट अब धीरे-धीरे मूर्त रूप लेता नजर आ रहा है। शहर के कई हिस्सों में इस रोड का ढांचा तैयार हो चुका है और अब प्रोजेक्ट के महत्वपूर्ण हिस्से कोर्ट चौराहे पर भी निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। यह एलीवेटेड रोड कलेक्टर आवास से पारस सर्कल तक करीब 2.7 किलोमीटर लंबा बनाया जा रहा है। प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य शहर के व्यस्त मार्गों पर ट्रैफिक दबाव को कम करना और लोगों को तेज और सुगम आवागमन की सुविधा देना है। कोर्ट चौराहे पर शुरू हुए निर्माण कार्य को इस प्रोजेक्ट का अहम चरण माना जा रहा है, क्योंकि यह क्षेत्र हॉस्पिटल और शहर के प्रमुख मार्गों से जुड़ा हुआ है। इसी को ध्यान में रखते हुए यहां रोड को नीचे उतारने की योजना बनाई गई है, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को सीधे पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। एलीवेटेड रोड के निर्माण से उदियापोल से कलेक्ट्रेट और सिटी रेलवे स्टेशन से कोर्ट चौराहा तक का सफर आसान और कम समय में पूरा हो सकेगा। प्रशासन का दावा है कि प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या में काफी हद तक कमी आएगी। फिलहाल निर्माण कार्य जारी है और आने वाले समय में इस प्रोजेक्ट के पूरी तरह तैयार होने पर उदयपुर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
01 May 2026