
उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला डाकन कोटड़ा स्थित पार्श्वनाथ कॉलोनी का है, जहां बदमाशों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपए की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। मकान मालिक रोशन लाल गर्ग ने बताया कि उनके पिता की तबीयत बिगड़ने के कारण पूरा परिवार गांव खारवा गया हुआ था। घर से निकलते समय उन्होंने अंदर और बाहर दोनों गेट पर ताला लगाकर सुरक्षा के इंतजाम किए थे। लेकिन जब परिवार वापस लौटा तो घर के दरवाजों के ताले टूटे हुए मिले और अंदर का सामान पूरी तरह बिखरा पड़ा था। अलमारियां खुली हुई थीं और घर में रखी नकदी व लाखों रुपए के जेवरात गायब थे। घटना की सूचना मिलते ही सवीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने की मांग की है। वहीं, लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। गौरतलब है कि इस वारदात से एक दिन पहले भी इसी क्षेत्र में बदमाशों ने दो-तीन जगह चोरी का प्रयास किया था, जो लोगों की सतर्कता से टल गया। लगातार हो रही घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।