
उदयपुर जिले में घर में घुसकर मां-बेटी की हत्या के मामले में खुलासा हो गया है। पुलिस ने मामले में मृतका लूंगा बाई के मुंह बोले बेटे जयमीन उर्फ बंटी दवे (37) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कर्ज के बोझ से परेशान होकर लूट के लिए वारदात को अंजाम दिया था। घटना उदयपुर जिले के वल्लभनगर थाना इलाके में मुण्डोल की ती। उदयपुर एसपी डॉ अमृता दुहन ने बताया- वारदात का खुलासा तब हुआ जब मृतका लूंगा बाई का गोद लिया बेटा नानालाल गायरी शनिवार सुबह करीब 9 बजे घर पहुंचे। बाहर से दरवाजा बंद था। आवाज देने पर भी अंदर से कोई आवाज नहीं आई। जब नानालाल ने पास स्थित अपने काका के मकान की छत से देखा। मां लूंगा बाई बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ी थीं। दरवाजा खोलकर देखा गया तो मृतका की बेटी अमरी बाई की लाश मुख्य गेट के पास पड़ी थी। वहीं, लूंगा बाई की लाश चारपाई पर पड़ी थी। शरीर पर पहने सोने-चांदी के जेवर गायब थे। डॉ अमृता दुहन ने बताया- मुण्डोल गांव में रहने वाली 70 साल की लूंगा बाई और अपनी मानसिक रूप से विक्षिप्त बेटी अमरी बाई (47) के घर में अकेली रहती थी। लूंगा बाई के पति रुपाजी और बेटे चतरा की पहले ही मौत हो चुकी थी। परिवार में कोई वारिस नहीं बचा था।इस बात का फायदा उठाते हुए आरोपी जयमीन दवे ने एक साल पहले से उनके घर आना-जाना शुरू कर दिया। महिला को विश्वास में लेकर खुद को धर्म का बेटा बना लिया। आरोपी की मंशा महिला को झांसे में लेकर उसकी संपत्ति का कानूनी वारिस बनने की थी।उदयपुर एसपी बताा- जब लूंगा बाई ने अपनी संपत्ति जयमीन के नाम करने से मना कर दिया तो आरोपी ने उन्हें रास्ते से हटाने और जेवर लूटने की योजना बनाई। आरोपी भारी कर्ज में डूबा हुआ था। लगातार बढ़ते आर्थिक दबाव और पैसों की तंगी को दूर करने के लिए शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात के समय मां-बेटी पर अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने धारदार हथियार से लूंगा बाई और अमरी बाई की गर्दन व सीने पर दर्जनों वार किए। गहने लूटकर फरार हो गया। फॉरेन्सिक और डॉग स्क्वायड की टीम ने जुटाए साक्ष्यमामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) यूनिट, डॉग स्क्वायड, चल मोबाइल अनुसंधान इकाई और साइबर विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया गया। खून के धब्बों और सबूतों को इकट्ठा किया। पुलिस ने दोनों शवों को वल्लभनगर के सेटेलाइट अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।आरोपी जयमीन दवे मूलतः वल्लभनगर के डांगियों का चौराहा का रहने वाला है। आरोपी की वल्लभनगर में राशन की दुकान थी, जिसे गड़बड़ी की शिकायत पर 21 मई को जिला रसद विभाग की ओर से सीज की गई थी। हाल ही में वह उदयपुर के प्रतापनगर स्थित आर्ची गैलेक्सी अपार्टमेंट के सी-ब्लॉक में रह रहा था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गांव वालों के बीच घूमता रहा। वह लगातार घटना से जुड़ा अपडेट ले रहा था। खुद को बेगुनाह दिखाते हुए मां-बेटी के लिए न्याय की मांग कर रहा था, जिससे किसी को उस पर शक न हो।आरोपी का गांव में आकर न्याय की गुहार लगाना और लगातार अपडेट लेना ही पुलिस के लिए शक की वजह बन गया। पुलिस को सबूतों और मुखबिर की सुचना से आरोपी की पूरी चाल समझ ली। इसके बाद पुलिस ने उसे अरेस्ट कर लिया। आरोपी जयमिन विवाहित है। उसके एक बेटा है।
03 Aug 2026