
उदयपुर के प्रसिद्ध जयसमंद झील क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। झील में गणपति विसर्जन के दौरान दो युवक गहरे पानी में समा गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। यह दर्दनाक हादसा जयसमंद झील के गामड़ी क्षेत्र में हुआ। जावद के मोटीकाकर निवासी 15 वर्षीय मावाराम और 25 वर्षीय शंकरलाल अन्य ग्रामीणों के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा विसर्जित करने गामड़ी पहुंचे थे। विसर्जन के दौरान अचानक दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में चले गए। साथ मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव और गहराई अधिक होने के कारण दोनों गहरे पानी में चले गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और नागरिक सुरक्षा दल के गोताखोर मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की टीम द्वारा झील में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अब तक एक शव को बाहर निकाल लिया गया है। दूसरे व्यक्ति की तलाश लगातार जारी है। इस हादसे के बाद पूरे गांव और परिजनों में मातम छा गया है।