
फतहनगर-सनवाड़ नगर पालिका में उपाध्यक्ष चुनाव बेहद रोमांचक रहा। यहाँ कांग्रेस प्रत्याशी श्रेया रोनक गर्ग को 13 वोट मिले, जबकि भाजपा के मुकेश खटीक को 11 वोटों से संतोष करना पड़ा। चुनाव में 1 वोट खारिज घोषित हुआ। सोमवार को निर्दलीय प्रत्याशी ममता चपलोत के अध्यक्ष चुने जाने के बाद अब श्रेया गर्ग के उपाध्यक्ष बनने से फतहनगर नगर पालिका की कमान पूरी तरह से महिलाओं के हाथों में आ गई है। वोटिंग के दौरान मावली विधायक पुष्कर लाल डांगी, नव-निर्वाचित अध्यक्ष ममता चपलोत, रोनक गर्ग सहित कई प्रमुख प्रतिनिधि मौजूद रहे। चुनाव के दौरान फतहनगर की राजनीति का केंद्र बिंदु रहे बीजेपी के बागी पार्षद राजेश चपलोत ने पुराने एसटी-एससी मामले में अध्यक्ष पद के मतदान के दिन पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। उच्च न्यायालय के आदेश पर उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच उपाध्यक्ष पद के मतदान के लिए रिलीज किया गया। चपलोत को मतदान के बाद पुनः जांच अधिकारी के समक्ष पेश किया जाएगा, जिनकी रिपोर्ट कोर्ट में प्रस्तुत होगी। उधर, कानोड़ नगर पालिका में कुल 20 सीटों के समीकरण के बीच कांग्रेस का दबदबा देखने को मिला। कांग्रेस के दिलीप सिंह सोलंकी ने 14 वोट हासिल कर भाजपा के चेतन मेनारिया (6 वोट) को करारी शिकस्त दी। मावली नगर पालिका में त्रिकोणीय मुकाबले के बीच कांग्रेस के मोहम्मद असरार उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। वहीं भींडर नगर पालिका में कांग्रेस के शोयब बोहरा निर्वाचित हुए।