
उदयपुर शहर के पंचवटी स्थित ज्वेलरी शॉप से एक करोड़ की ज्वेलरी चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि मास्टरमाइंड सहित अभी 3 आरोपी फरार हैं। पुलिस की टीम प्रदेश सहित बाहरी राज्यों में दबिश देते हुए फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। जिसके बाद ही इनसे ज्वेलरी बरामद की जाएगी। मामला हाथीपोल थाना इलाके का है। यूपी के इटावा में छिपा था थानाधिकारी राजू देवी ने बताया कि आगरा निवासी धनपाल उर्फ धांधु वर्मा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी यूपी के इटावा में छिपा था। आरोपी इतने शातिर हैं कि ट्रेप होने से बचने के लिए मोबाइल भी नहीं रखते थे। पुलिस बाकी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर ज्वेलरी बरामद करेगी।पुलिस के अनुसार- 28 जुलाई को आरोपी धनपाल और उसके साथी मनोज कुमार उर्फ डॉक्टर, आनंद वर्मा और एक अन्य के साथ आगरा से सीकर स्थित खाटूश्याम मंदिर पहुंचे थे। दर्शन करने के बाद सभी सीकर के पास पलसाना गांव गए थे। वहां एक ज्वेलरी शॉप में चोरी की तैयारी थी लेकिन रात में गार्ड की तैनातगी के कारण उनका प्लान फेल हो गया था। आरोपी 29 जुलाई को सुबह सभी उदयपुर आ गए। यहां पंचवटी में नवीन ज्वेलरी शॉप की रैकी की। इसके बाद रात को वारदात को अंजाम दिया। एक-दो आरोपियों ने उदयपुर में पहले नौकरी की हुई है। ऐसे में आरोपी उदयपुर शहर से परिचित थे और इसीलिए वारदात करने पहुंचे थे।आरोपी 79 मिनट में करोड़ों के सोना-चांदी, डायमंड के जेवर और नकदी चुराकर ले गए थे। जिसमें 350 ग्राम सोना, 12 किलो चांदी, 22 लाख के डायमंड और 9.75 लाख रुपए की ज्वेलरी लेकर भागे थे।
06 Aug 2026