
कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद लोगों की नजर उस वक्त एक महिला पर टिक गई, जब वह हाथ जोड़कर अपने बच्चे को वापस दिलाने की गुहार लगाते हुए रोने लगी। सलूंबर जिले के मउड़ी निवासी लीला पटेल अपने नाबालिग बच्चे की कस्टडी को लेकर अधिकारियों के पास फरियाद लेकर पहुंची थीं। लीला पटेल के मुताबिक उसका पति से तलाक हो चुका है। महिला का कहना है कि अदालत ने नाबालिग बच्चे की कस्टडी उसके पक्ष में दी थी। इसके बावजूद उसका पति बच्चे को जबरन अपने साथ लेकर चला गया। बच्चे के दूर चले जाने के बाद से महिला लगातार उसे वापस पाने के लिए परेशान है। महिला ने आरोप लगाया कि जिस दौरान उसके बच्चे को उससे अलग किया गया, उस समय उसके पति के साथ कुछ पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। लीला पटेल का आरोप है कि इस दौरान उसके साथ बदसलूकी भी की गई। अपनी इसी पीड़ा को लेकर वह सोमवार को उदयपुर जिला कलेक्ट्रेट पहुंची और अधिकारियों के सामने न्याय की गुहार लगाई। कलेक्ट्रेट परिसर में अपनी बात बताते-बताते महिला भावुक हो गई और फूट-फूटकर रोने लगी। महिला को इस हालत में देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक नजर आए। लोगों ने उसे संभालकर शांत कराया और पूरे मामले की शिकायत सलूंबर जिला पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखने की सलाह दी। अब महिला की मांग है कि उसे उसका बच्चा वापस दिलाया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उसे न्याय दिलाया जाए।