
उदयपुर में बलिचा के अटल एंकलेव में श्वानों की सुरक्षा को लेकर सामने आई शिकायत ने स्थानीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय निवासी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में सड़क पर रहने वाले श्वानों को नुकसान पहुंचाने और मारने की धमकियां दी जा रही हैं। इन धमकियों का विरोध करने वाले स्थानीय निवासियों के साथ विवाद और अभद्रता की स्थिति बनने का भी आरोप है। मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब पास की एक इमारत में दो पिल्ले मृत अवस्था में मिले। शिकायत के मुताबिक दोनों पिल्लों के शव सड़ने की स्थिति में थे। घटना की परिस्थितियां संदिग्ध होने के कारण पिल्लों को जानबूझकर नुकसान पहुंचाए जाने की आशंका जताई गई है। घटना से संबंधित वीडियो भी एनिमल प्रोटेक्शन सोसायटी को उपलब्ध कराए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए संस्था ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। संस्था ने पुलिस, नगर निगम और संबंधित पशु कल्याण अधिकारियों से मौके का निरीक्षण करने और क्षेत्र में मौजूद अन्य श्वानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। साथ ही संस्था ने मांग की है कि यदि पशु क्रूरता या श्वानों को नुकसान पहुंचाने की धमकियों की पुष्टि होती है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। इस मामले में संस्था की ओर से पशु प्रेमी मेनका गांधी से भी तत्काल हस्तक्षेप की अपील की गई है, ताकि संबंधित अधिकारियों तक मामला पहुंचाया जा सके और क्षेत्र में श्वानों की सुरक्षा सुनिश्चित हो। संस्था का कहना है कि बेजुबान श्वानों के साथ किसी भी तरह की क्रूरता स्वीकार्य नहीं है। दो पिल्लों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए मामले की निष्पक्ष और तत्काल जांच जरूरी है।
10 Aug 2026