
उदयपुर के कानोड़ क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 6.30 बजे एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक 19 वर्षीय युवती अपनी दादी के साथ घर से करीब एक किलोमीटर दूर खेत पर दूध निकालने गई थी। दादी जब दूध निकालने में व्यस्त थी, उसी दौरान युवती ने बिना मुंडेर के बने कुएं में छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि युवती पिछले करीब 8 वर्षों से मानसिक रूप से कमजोर थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। दादी ने जब युवती को आसपास नहीं देखा तो उसकी तलाश शुरू की, लेकिन वह कहीं नजर नहीं आई। इसी दौरान कुएं के पास युवती की चप्पल पड़ी मिली, जिससे अनहोनी की आशंका जताई गई। दादी ने तुरंत परिवार और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर काफी प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद मामले की जानकारी उदयपुर के अतिरिक्त जिला कलेक्टर दीपेंद्र सिंह राठौड़ को दी गई। उनके निर्देश पर सिविल डिफेंस की टीम को मौके पर भेजा गया। सिविल डिफेंस की टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कुएं से युवती का शव बाहर निकाला और पुलिस थाना कानोड़ को सुपुर्द किया। मृतका की पहचान वर्षा मंदावत के रूप में हुई है। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान टीम के सदस्य बने सिंह गुर्जर, भरत मेघवाल, प्रीतेश मेघवाल, महेंद्र सिंह मसानी, रवि शर्मा, प्रवीण सिंह राठौड़, मुकेश सेन और दिनेश मेघवाल सहित अन्य मौजूद रहे। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
01 May 2026