
सरकार भले ही चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने के बड़े-बड़े दावे कर रही हो, लेकिन उदयपुर संभाग के सबसे बड़े सरकारी एमबी हॉस्पिटल की स्थिति इन दावों की हकीकत बयां कर रही है। अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में लगी एक्सरे मशीन पिछले कई दिनों से बंद पड़ी है, जिसके कारण सड़क हादसों में घायल होकर आने वाले मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रॉमा वार्ड वह जगह है, जहां गंभीर सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों का तत्काल इलाज किया जाता है। लेकिन एक्सरे मशीन खराब होने के कारण डॉक्टरों और मरीजों दोनों को दिक्कत उठानी पड़ रही है। मरीजों को ट्रॉमा वार्ड में भर्ती तो किया जा रहा है, लेकिन एक्सरे करवाने के लिए उन्हें इमरजेंसी वार्ड तक ले जाना पड़ता है, जहां दूसरी मशीन उपलब्ध है। स्थिति यह है कि गंभीर हालत में आने वाले मरीजों को स्ट्रेचर पर एक वार्ड से दूसरे वार्ड तक ले जाना पड़ रहा है। इससे इलाज में देरी होने का खतरा भी बढ़ रहा है। वहीं मरीजों के परिजनों को भी लगातार इधर-उधर भागदौड़ करनी पड़ रही है। एमबी हॉस्पिटल में सिर्फ उदयपुर ही नहीं, बल्कि आसपास के कई जिलों से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में ट्रॉमा वार्ड जैसी महत्वपूर्ण जगह पर एक्सरे मशीन का कई दिनों तक बंद रहना अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। मरीजों और परिजनों ने जल्द से जल्द मशीन शुरू करवाने की मांग की है।
15 May 2026