
उदयपुर में अघोषित बिजली कटौती की समस्या अब आमजन के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। शहर की इस गंभीर समस्या को लेकर कांग्रेस कमेटी ने अधिकारियों के सामने मोर्चा खोल दिया है। प्रदर्शन के दौरान उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष फतेह सिंह राठौड़ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पार्षद, मंडल अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एकत्र हुए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पटेल सर्कल स्थित राजस्थान विद्युत निगम के कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष फतेह सिंह राठौड़ ने विभाग के अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अधिकारी तो वातानुकूलित कमरों में बैठे हैं, जबकि आम जनता इस भीषण गर्मी में चैन की सांस नहीं ले पा रही है। उन्होंने कहा कि बिजली की लगातार हो रही ट्रिपिंग के कारण बुजुर्ग दम तोड़ रहे हैं और बच्चों की पढ़ाई में भारी व्यवधान आ रहा है। अध्यक्ष फतेह सिंह राठौड़ ने अधिकारियों को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर अगले कुछ दिनों में बिजली व्यवस्था नहीं सुधारी गई, तो स्थिति बदल जाएगी। इसके बाद अधिकारी सड़क पर होंगे और जनता कुर्सी पर होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि एक साल पहले भी एडिशनल चीफ और एसी स्तर के अधिकारियों को इस समस्या को लेकर ज्ञापन दिया गया था, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अधिकारियों की बैठकें सिर्फ दिखावे के लिए ली जा रही हैं, जबकि जनता को कोई राहत नहीं मिल रही है। कांग्रेस ने साफ लहजे में विभाग को अंतिम चेतावनी दी है कि वे अपनी कार्यशैली और व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त करें, अन्यथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अपनी शैली में व्यवस्था सुधारना अच्छी तरह आता है।
11 Jun 2026