
उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र के नांदेशमा-ढोल मार्ग पर गुरुवार देर रात लेपर्ड की मौजूदगी एक बार फिर लोगों के लिए चिंता का कारण बन गई। ढोल के बड़गांव निवासी शैलेश श्रीमाली अपने भाई नयन श्रीमाली के साथ गोगुंदा से गांव लौट रहे थे। नयन श्रीमाली की गोगुंदा में मोबाइल शॉप है और दोनों भाई उदयपुर से सामान लेकर कार से वापस अपने गांव जा रहे थे। रात करीब 12 बजे जब उनकी कार चामुंडा माता मंदिर से करीब 200 मीटर आगे पहुंची, तब सड़क किनारे पत्थर की दीवार पर एक लेपर्ड बैठा दिखाई दिया। सामने लेपर्ड को देखते ही दोनों भाइयों ने घबराने के बजाय सूझबूझ दिखाई और कार को सुरक्षित दूरी पर रोक दिया। इसके बाद दोनों भाइयों ने मोबाइल से लेपर्ड का वीडियो बनाया। कुछ मिनट तक लेपर्ड दीवार पर बैठा रहा और आसपास का जायजा लेने के बाद धीरे-धीरे जंगल की ओर चला गया। इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय निवासी शैलेश श्रीमाली ने बताया कि इस इलाके में लेपर्ड पहले भी कई बार दिखाई दे चुका है। खासकर बाइक से आने-जाने वाले लोगों को अक्सर लेपर्ड नजर आता है, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों में लगातार भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, लेपर्ड की गतिविधियों पर निगरानी रखने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

02 Jul 2026