
आस्था और श्रद्धा के माहौल के बीच भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में बदमाशों ने भीड़ का फायदा उठाकर दो महिलाओं को निशाना बना लिया। शहर के गंगू कुंड स्थित इस्कॉन मंदिर से निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा यूनिवर्सिटी रोड स्थित बड़ी पिपली तक पहुंची, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने भीड़ में घुसकर चेन स्नेचिंग की दो वारदातों को अंजाम दिया। जानकारी के मुताबिक पहली घटना में अंजना देवी पुरोहित के गले से सोने की चेन खींच ली गई। महिला को जब इसका अहसास हुआ, तब तक बदमाश भीड़ में गायब हो चुके थे। आसपास मौजूद लोगों ने आरोपियों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। कुछ ही देर बाद बदमाशों ने दूसरी बुजुर्ग महिला लक्ष्मी देवी पालीवाल को भी निशाना बनाया। उन्होंने जब अपने गले पर हाथ लगाया तो उनकी सोने की चेन गायब मिली। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन आरोपी फरार हो चुके थे। वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है। इधर, सेक्टर-7 स्थित जगन्नाथ धाम से निकली भगवान जगन्नाथ की दूसरी रथयात्रा में सुरक्षा व्यवस्था के दौरान पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच पुलिस टीम को तीन व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस उनसे जानकारी जुटा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।