
करीब दो महीने पुराने वायरल वीडियो की जांच के बाद सायरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सायरा थाना प्रभारी कानाराम सिरवी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वायरल वीडियो की जांच की, जिसमें पुष्टि हुई कि घटना 12 मई को सायरा थाना क्षेत्र के कमोल गांव में हुई थी। जांच में सामने आया कि वीडियो में दिखाई दे रहा युवक कमोल निवासी चुनाराम भील है। पुलिस ने वीडियो में नजर आ रहे लोगों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि भील समाज के 52 गांवों के पंचों ने शराब पीने पर सामाजिक प्रतिबंध लगाया हुआ है। आरोप है कि चुनाराम शराब के नशे में घर पहुंचा और अपने पिता के साथ मारपीट की। अगले दिन समाज के लोगों ने बैठक बुलाई और शराबबंदी के नियम का उल्लंघन करने के आरोप में उस पर 11 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया। आरोप है कि इसके बाद चुनाराम का पैर रस्सी से बांधकर उसे पेड़ पर उल्टा लटका दिया गया और उसके साथ मारपीट की गई। इस दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले में पुलिस ने शांति भंग करने के आरोप में अम्बालाल भील, लक्ष्मीलाल भील, बंशीलाल भील, पन्नाराम भील, रामाराम भील, पन्नाराम भील, वीराराम भील और पन्नालाल भील को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा पुलिस ने 20 से 25 अन्य लोगों के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।