
करीब दो सप्ताह पहले खेत के टांके में मिले एक व्यक्ति के शव की गुत्थी को बाड़मेर पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक 4 जून को गरल गांव निवासी 42 वर्षीय तेजाराम का शव मालपुरा फांटा स्थित एक खेत के टांके में मिला था। इस मामले में मृतक के भाई महेशाराम ने अवैध संबंधों के चलते हत्या की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट के निर्देशन में की गई जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी नेतल और टैक्सी चालक गुमानसिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस उप अधीक्षक रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि महिला को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि आरोपी गुमानसिंह को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। जांच में सामने आया कि नेतल सोशल मीडिया पर काफी एक्टीव थी और इंस्टाग्राम पर उसके लगभग 42 हजार फॉलोअर्स हैं। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया के माध्यम से ही उसकी पहचान टैक्सी चालक गुमानसिंह से हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। इसी दौरान मृतक तेजाराम को दोनों के संबंधों की जानकारी होने लगी, जिससे परिवार में विवाद की स्थिति बनने लगी। पुलिस का कहना है कि 2 जून को महिला ने अपने पति को फोन कर कहा कि वह उससे परेशान हो चुकी है और घर छोड़कर जा रही है। इसके बाद उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया। पत्नी से संपर्क नहीं होने पर तेजाराम ने गुमानसिंह से बात की। आरोपी ने उसे धोरीमन्ना बुलाया और पत्नी की तलाश में मदद करने का भरोसा दिया। पुलिस के अनुसार तेजाराम जालोर से धोरीमन्ना पहुंचा, जहां गुमानसिंह ने उसे शराब पिलाई। आरोप है कि नशे की हालत में उसे अपनी टैक्सी में बैठाकर करीब 30 किलोमीटर दूर मालपुरा फांटा ले जाया गया और खेत में बने टांके में धक्का देकर फेंक दिया गया। वारदात के बाद उसका मोबाइल और बैग भी मौके के पास छोड़ दिए गए। बाद में खेत मालिक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मोबाइल रिकॉर्ड, तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

18 Jun 2026