
सेमारी कस्बे के मुख्य बस स्टैंड पर गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब कुछ बदमाशों ने एक खड़ी कार को निशाना बनाकर उसमें जमकर तोड़फोड़ की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीन बाइक पर सवार करीब 9 युवक कल्याणपुर की तरफ से बस स्टैंड पहुंचे और सीधे कार के पास जाकर हंगामा शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि बदमाश गाली-गलौज करते हुए कार के शीशों पर बेल्ट से लगातार वार करने लगे। हमले में कार का पिछला कांच पूरी तरह टूट गया, जबकि आगे के कांच पर भी कई वार किए गए, लेकिन वह नहीं टूटा। अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घटना के समय कार चालक धनकावाड़ा निवासी देवीलाल मीणा पास के एक होटल में चाय पीने गया हुआ था। कार में उस समय कोई मौजूद नहीं था। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद जब देवीलाल मीणा वापस अपनी कार के पास पहुंचा तो वाहन की हालत देखकर हैरान रह गया। कार का पिछला कांच टूटा हुआ था और वाहन को नुकसान पहुंचाया गया था। इसके बाद उसने सेमारी थाने पहुंचकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। फिलहाल कार में तोड़फोड़ के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

17 Jun 2026