
उदयपुर जिले के खेरवाड़ा कस्बे से करीब 11 किलोमीटर दूर स्थित जवास गांव के आसपास उस समय दहशत फैल गई, जब जंगल से सटे पहाड़ी क्षेत्र में दो लेपर्ड दिखाई दिए। ग्रामीणों के अनुसार, लेपर्ड का मुवमेंट आबादी के बेहद नजदीक देखा गया, जिससे लोगों में भय का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक लेपर्ड पहाड़ी क्षेत्र में आराम करता नजर आया, जबकि दूसरा लेपर्ड लोगों की आवाजाही और हलचल देखकर पहाड़ी की ऊपरी दिशा में तेज़ी से भागता हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने इस पूरे घटनाक्रम को मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी सामने आया है। ग्रामीणों का कहना है कि जवास रावला के पीछे स्थित पहाड़ी इलाका लेपर्ड का सामान्य मूवमेंट क्षेत्र माना जाता है। पास ही बहने वाली नदी के किनारे भी कई बार लेपर्ड को पानी पीते हुए देखा गया है। दो दिन पहले भी लेपर्ड नीचे की तरफ उतरते नजर आए थे और रात के समय भी उनकी मौजूदगी देखी गई थी। लगातार लेपर्ड की मौजूदगी सामने आने से ग्रामीणों में डर का माहौल है। खासतौर पर बच्चों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर लोग चिंतित हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, सतर्कता बोर्ड लगाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
01 May 2026