
उदयपुर पुलिस ने शातिर अंतर्राज्यीय नकबजन गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मामला पंचवटी स्थित नवीन ज्वैलर्स शोरूम में 29 जुलाई की रात हुई चोरी से जुड़ा है। चोर साइड शटर उखाड़कर और कांच का दरवाजा तोड़कर शोरूम में दाखिल हुए और हीरे, सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए थे।मामले को लेकर आज एसपी डॉ अमृता दुहन ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। टीम ने उदयपुर शहर के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें वारदात से पहले पांच संदिग्ध शोरूम की रेकी करते हुए नजर आए। संदिग्धों के रूट को ट्रेस करने पर उनके उदयपुर रेलवे स्टेशन से चित्तौड़गढ़, कोटा और धौलपुर की तरफ जाने की जानकारी सामने आई।इसके बाद पुलिस टीम ने कोटा, बारां, ग्वालियर, धौलपुर से लेकर आगरा तक करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि वारदात के पीछे आगरा के पिनाहट और शमशाबाद थाना क्षेत्रों के चंबल बीहड़ों में सक्रिय एक शातिर अंतरराज्यीय नकबजन गैंग का हाथ है।पुलिस ने मुखबिरी और आसूचना तंत्र को मजबूत करते हुए चंबल के बीहड़ों में आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी। बारिश के मौसम में लंबी घास, दलदली रास्तों और दुर्गम इलाके के बावजूद पुलिस ने गैंग के मुख्य सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर खेतों में गहरे गड्ढे खोदकर छिपाया गया करीब 60 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया गया।गिरफ्तार आरोपियों में आनंद उर्फ कुकड़िया वर्मा, धनपाल उर्फ धान्धु वर्मा और गुड्डू शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आनंद वर्मा गैंग का मुख्य सरगना है। आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी और नकबजनी के मामले दर्ज हैं।पुलिस जांच में गैंग का बेहद शातिर तरीका सामने आया है। वारदात से करीब दो महीने पहले गैंग के दो सदस्य मजदूरी करने के बहाने उदयपुर आए और नवीन ज्वैलर्स की रेकी की। इसके बाद पूरी गैंग उदयपुर पहुंची और गुमानिया नाले के रास्ते पैदल शोरूम तक पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया।पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने पास मोबाइल फोन तक नहीं रखते थे। यात्रा के दौरान नकद भुगतान करते और लगातार ट्रेन और बसें बदलते थे, ताकि डिजिटल या अन्य साक्ष्य पीछे न छूटे। वारदात के बाद आरोपी सीधे चंबल के बीहड़ों में जाकर छिप जाते थे।फिलहाल गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पुलिस की सघन पूछताछ जारी है। पुलिस गैंग के अन्य फरार सदस्यों, जिनमें मनोज उर्फ डॉक्टर वर्मा भी शामिल है, की तलाश कर रही है। साथ ही चोरी के बाकी माल की बरामदगी के प्रयास भी लगातार जारी हैं।

08 Sept 2026