
गुप्तेश्वर महादेव रोड स्थित जय श्री विहार कॉलोनी में सेन्ट्रल एकेडमी स्कूल की बस बच्चों को लेकर निर्माणाधीन सड़क से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक बस सड़क के गड्ढे में उतर गई। बस में कई बच्चे सवार थे। हादसे के बाद बच्चों मं अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने बच्चों को बस से बाहर निकाला। हादसे में कुछ बच्चों को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद एक बच्चे ने चोट दिखाते हुए बताया कि उसे पहले भी शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोट लग चुकी है। हादसे के बाद अभिभावकों का गुस्सा भी सामने आया। एक महिला अभिभावक ने आरोप लगाया कि स्कूल बस के चालक बार-बार बदले जाते हैं और बस संचालन को लेकर पहले भी शिकायतें की जा चुकी हैं। अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया कि बच्चों को समय पर लाने-ले जाने में परेशानी हो रही है और रास्ते में छोटे-बड़े गड्ढों के कारण बच्चों को झटके लगते हैं। एक अभिभावक ने स्कूल प्रबंधन से शिकायत करने की बात कही, जबकि मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन को पहले भी समस्याओं की जानकारी दी गई, लेकिन उनकी शिकायतों पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया। एक महिला अभिभावक ने स्कूल के एक अधिकारी से हुई बातचीत का हवाला देते हुए कहा कि सड़क पर गड्ढे होने की बात कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने की कोशिश की गई। वहीं उन्होंने बस चालक के व्यवहार को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। हालांकि चालक के शराब के नशे में होने सहित इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।हादसे के बाद बस चालक बस को मौके पर छोड़कर चला गया। अभिभावकों ने निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा इंतजाम, चेतावनी संकेत और स्कूल बस संचालन की व्यवस्था की जांच की मांग की है। फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन घटना ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा और बस संचालन व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।