
सेक्टर-14 स्थित आशीष वाटिका में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने खांजीपीर क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि यह इलाका पहले अपराधियों की शरणस्थली बन गया था।उन्होंने दावा किया कि खांजीपीर पुलिस चौकी क्षेत्र के पिछले 10 वर्षों के अपराधों का आंकड़ा देखा जाए तो शहर के कुल अपराधों में इस क्षेत्र की हिस्सेदारी करीब 25 प्रतिशत तक सामने आ सकती है।विधायक ने कहा कि अब खांजीपीर में डीवाईएसपी कार्यालय शुरू होने के बाद हालात में बदलाव आया है। उन्होंने आयड़ क्षेत्र का भी जिक्र करते हुए कहा कि वहां की स्थिति में भी सुधार हो रहा है।विधायक ताराचंद जैन ने नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में कांग्रेस दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी, जबकि भाजपा प्रमुख वार्डों में मजबूती से जीत दर्ज करेगी।टिकट वितरण को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की राय और सभी समाजों के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए प्रत्याशियों का चयन करेगी और किसी के साथ अन्याय नहीं होगा।सम्मेलन में विधायक ने पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया से हुई मुलाकात और मुखर्जी चौक के विकास कार्यों का भी जिक्र किया, लेकिन खांजीपीर और आयड़ को ‘मिनी पाकिस्तान’ बताए जाने वाले बयान ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी हैं। अब देखना होगा कि विधायक के इस बयान पर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

25 Aug 2026