
उदयपुर के मल्लातलाई क्षेत्र निवासी 70 वर्षीय रेशम देवी ने जिला पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर अपने छोटे बेटे मोहम्मद इदरीस और बेटी राधा राघव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में उन्होंने कहा है कि दोनों ने कथित रूप से मारपीट कर उन्हें उनके ही घर से बाहर निकाल दिया और अब उन्हें अपने ही मकान में रहने नहीं दिया जा रहा है। रेशम देवी का आरोप है कि जब वह कुछ समय पहले रींगस स्थित रिश्तेदारों से मिलने गई थीं, उसी दौरान उनके बेटे और बेटी ने मकान की दीवार तोड़कर उनके हिस्से को अपने मकान में मिला लिया। उनका कहना है कि अब उन्हें अपने ही घर में प्रवेश के लिए घंटों बाहर इंतजार करना पड़ता है और रहने तथा भोजन की भी गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि मजबूरी में उन्हें पड़ोसियों के यहां भोजन करना पड़ रहा है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि जब वह न्याय की उम्मीद लेकर अंबामाता थाने पहुंचीं तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं की और उनके साथ संवेदनहीन व्यवहार किया। रेशम देवी ने जिला पुलिस अधीक्षक से दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने, उनके घर से कथित अवैध कब्जा हटवाकर उन्हें पुनः कब्जा दिलाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। फिलहाल शिकायत पुलिस के समक्ष प्रस्तुत की गई है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
10 Jul 2026