
प्रदेशभर में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा चलाया जा रहा विशेष निरोधात्मक अभियान लगातार जारी है। नाकाबंदी, गश्त और दबिश की कार्रवाई के जरिए विभाग ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में एक मई से 28 मई तक चलाए गए अभियान के दौरान प्रदेशभर में 1972 अभियोग दर्ज किए गए, जबकि 900 लोगों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में 7044 लीटर देशी मदिरा, 38943 लीटर भारत निर्मित विदेशी मदिरा, 19743 लीटर बीयर, 30 लीटर स्प्रिट और 13025 लीटर अवैध हथकड़ शराब जब्त की गई। अभियान के दौरान अवैध शराब निर्माण में उपयोग किए जाने वाले 5 लाख 33 हजार 614 लीटर वॉश को भी नष्ट किया गया। इसके साथ ही तस्करी और अवैध परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे 85 वाहनों को जब्त किया गया, जिनमें 7 बड़े वाहन, 12 चार पहिया वाहन, एक तिपहिया वाहन और 65 दुपहिया वाहन शामिल हैं। आबकारी निरोधक दलों ने विभिन्न जिलों में भी सघन कार्रवाई की। पाली में आबकारी विभाग और रेलवे पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन बैग अंग्रेजी शराब बरामद कर मामला दर्ज किया गया। वहीं झालावाड़ के चौमहला क्षेत्र में दबिश देकर 8 हजार लीटर वॉश और एक अवैध शराब भट्टी को नष्ट किया गया। मौके से 170 लीटर अवैध हथकड़ शराब भी बरामद हुई। इसके अलावा दौसा और बांदीकुई के रामगढ़ पचवारा क्षेत्र के संवेदनशील गांवों में कार्रवाई करते हुए 4 हजार लीटर वॉश और पांच अवैध भट्टियों को नष्ट किया गया। यहां से 72 लीटर अवैध हथकड़ शराब भी बरामद की गई। आबकारी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रदेशभर में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।