
यह खौफनाक वारदात बाघपुरा थाना क्षेत्र के बेडनपाड़ा मार्ग पर स्थित खेड़ा बाड़ी के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, बेडनपाड़ा निवासी कालुलाल परेला अपनी पत्नी लक्ष्मी बाई के साथ जेड़ा गांव में एक समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब साढ़े आठ बजे जब दोनों मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे तीन बाइक सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया। पीड़ित कालुलाल के मुताबिक, हमलावरों की पहचान गांव के ही किशन लाल परेला, दीपक परेला और राहुल के रूप में हुई है। रास्ता रोकते ही आरोपियों ने कालुलाल पर धारदार हथियार से वार किया, जिससे वे बाल-बाल बच गए। इसके बाद आरोपी दीपक ने कालुलाल की पत्नी लक्ष्मी बाई के सिर और दाहिनी आंख पर धारदार हथियार से जोरदार हमला कर दिया। वार इतना गंभीर था कि लक्ष्मी बाई लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद भी आरोपियों का दिल नहीं पसीजा और उन्होंने पीड़ित दंपति के साथ लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। हमले के बाद कालुलाल अपनी गंभीर रूप से घायल पत्नी को इलाज के लिए तुरंत उदयपुर अस्पताल लेकर भागे। इलाज शुरू होने के बाद पीड़ित ने बाघपुरा थाने में उपस्थित होकर नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस पूरे मामले की गहन अनुसंधान कर फरार आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उन्हें सख्त से सख्त सजा दिलाई जाए।

29 May 2026