
मामला भींडर थाना क्षेत्र के चोल मोतिदा गांव का है, जहां एक नाबालिग लडकी के अचानक लापता होने से परिवार की चिंता बढ़ गई है। नाबालिग के भाई ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह महाराष्ट्र में मजदूरी करता है। इसी दौरान उसके इंस्टाग्राम पर उसकी बहन की एक अन्य युवक के साथ तस्वीर सामने आई। पुलिस को दी गई रिपोर्ट के मुताबिक 17 अगस्त को दोपहर करीब 2 से 3 बजे एक व्यक्ति ने प्रार्थी को फोन किया। आरोप है कि फोन करने वाले ने अपना परिचय नहीं दिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। बाद में प्रार्थी ने तस्वीर में मौजूद युवक के बारे में जानकारी जुटाई तो उसकी पहचान नरेंद्र निवासी घोला कोट अडिंदा के रूप में होने की बात सामने आई। इसके बाद 19 अगस्त को दोपहर करीब 1 से 2 बजे प्रार्थी की नाबालिग बहन बिना बताए घर से निकल गई। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसकी जानकारी मिलने पर प्रार्थी महाराष्ट्र से भींडर पहुंचा और रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर नाबालिग बहन की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। परिवार ने पुलिस को नाबालिग का हुलिया भी बताया है। प्रार्थी ने बताया कि उसकी बहन की लंबाई पांच फीट, रंग भूरा, आंखें और बाल काले हैं। उसके बाएं हाथ पर अंग्रेजी में नाम भी गुदा हुआ है। फिलहाल भींडर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल सीताराम को सौंपी गई है। पुलिस युवती की तलाश के साथ धमकी देने वाले व्यक्ति और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को भी खंगाल रही है।
25 Aug 2026