
उदयपुर में दाऊदी बोहरा समाज ने ईद-उल-फितर का पर्व पूरे उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया। शहर के बोहरावाड़ी, खारोल कॉलोनी, फतहपुरा, नीमच खेड़ा, चमनपुरा और खांजीपीर जैसे बोहरा बाहुल्य इलाकों में सुबह से ही रौनक देखने को मिली। दाऊदी बोहरा जमात के प्रवक्ता मंसूर अली ओडावाला ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे रसूलपुरा, वजीहपुरा, मोइयदपुरा, चमनपुरा, खारोल कॉलोनी, पुला और खानपुरा क्षेत्रों में विशेष नमाज अदा की गई। नमाज के बाद देश में अमन-चैन और शांति की दुआ मांगी गई। वहीं जमात के सचिव फिरोज हुसैन टीनवाला ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर समाज के जिम्मेदार लोगों द्वारा नमाज अदा करवाई गई। वजीहपुरा में जनाब मुदस्सर अली ज़री वाला, रसूलपुरा में आकिब अली, खारोल कॉलोनी में मुल्ला हाजी सज्जाद हुसैन, चमनपुरा में हाजी शब्बीर हुसैन, खानपुरा में हाजी अनीस हीतावाला और पुला में हाजी हातिम अली चाचूलिया वाला ने नमाज अदा करवायी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। घरों और मोहल्लों में सेवइयों से मुंह मीठा करवाकर खुशियां बांटी गईं। पूरे समुदाय में त्योहार को लेकर विशेष उत्साह और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।
01 May 2026