
राजस्थान में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। सक्रिय हुए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते सोमवार सुबह से ही कई जिलों में मौसम ने करवट ली। अजमेर, श्रीगंगानगर, बीकानेर और नागौर में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, वहीं जोधपुर में सुबह से बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, इस सिस्टम का असर पूरे प्रदेश में देखने को मिल रहा है। सोमवार को 4 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 21 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। इस दौरान तेज आंधी चलने की भी आशंका जताई गई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि इस वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर 31 मार्च तक बना रहेगा। इसके चलते कई हिस्सों में बादल छाने, बारिश और तेज हवाएं चलने का दौर जारी रह सकता है। हालांकि 1 अप्रैल से इस सिस्टम का असर खत्म होने के बाद प्रदेश में मौसम पूरी तरह से शुष्क यानी ड्राय हो जाएगा। इससे पहले रविवार को इस सिस्टम का असर काफी कमजोर रहा। बीकानेर संभाग में दिनभर तेज धूप रही, जबकि जालोर, सिरोही और पाली में हल्के बादल नजर आए। वहीं जयपुर, भरतपुर, कोटा और अजमेर संभाग में आसमान पूरी तरह साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। मौसम के इस बदलाव से तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है।