
राजस्थान में चांदीपुरा वायरस को लेकर चिंता बढ़ गई है। गुजरात में इलाज के दौरान डूंगरपुर जिले के रतनपुरा गांव की 6 वर्षीय बच्ची और सिरोही जिले की 2 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। दोनों बच्चियों में चांदीपुरा वायरस की पुष्टि होने के बाद राजस्थान का स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है और प्रभावित जिलों में निगरानी तेज कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक डूंगरपुर जिले के सीमलवाड़ा ब्लॉक के रतनपुरा गांव की 6 वर्षीय बच्ची 12 जुलाई को बीमार हुई थी। 13 जुलाई को परिजन उसे सीमलवाड़ा के एक निजी अस्पताल ले गए। इसके बाद बच्ची का उपचार मोडासा के निजी अस्पतालों में कराया गया। हालत गंभीर होने पर 14 जुलाई को गुजरात के हिम्मतनगर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चांदीपुरा वायरस की आशंका के चलते उसी दिन सैंपल लिए गए। 15 जुलाई की सुबह करीब 5 बजे बच्ची की मौत हो गई। 23 जुलाई को गुजरात बायोटेक्नोलॉजी रिसर्च सेंटर से प्राप्त जांच रिपोर्ट में चांदीपुरा वायरस की पुष्टि हुई। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में सर्विलांस बढ़ा दिया है। डूंगरपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अलंकार गुप्ता ने बताया कि सीमलवाड़ा ब्लॉक के रतनपुरा गांव में 75 घरों का सर्वे किया गया और बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की गई, हालांकि वहां कोई नया संदिग्ध मामला सामने नहीं आया। प्रदेश में अब तक चांदीपुरा वायरस के तीन संदिग्ध मामले सामने आए हैं, जिनमें ये दोनों मौतें भी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सिरोही, उदयपुर और डूंगरपुर में 15 वर्ष तक के बच्चों की विशेष स्क्रीनिंग शुरू कर दी है। रैपिड रिस्पॉन्स टीमें तेज बुखार, उल्टी, दौरे और होश में बदलाव जैसे लक्षणों पर नजर रख रही हैं। साथ ही घर-घर सर्वे, स्कूलों में बच्चों की जांच, लोगों को जागरूक करने और किसी भी लक्षण पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की जा रही है। पशुपालन विभाग भी मवेशियों की जांच और प्रभावित क्षेत्रों में स्प्रे करवाने का कार्य कर रहा है।

23 Jul 2026