
कोटड़ा थाना क्षेत्र के जोगीवड़ और इमली के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शैक्षणिक भ्रमण से लौट रही छात्राओं से भरी बसों पर अज्ञात बदमाशों ने अचानक पथराव कर दिया। घटना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोटड़ा की छात्राओं के साथ हुई, जो विश्वास स्वरूपम नाथद्वारा के शैक्षणिक भ्रमण से वापस लौट रही थीं। जानकारी के मुताबिक विद्यालय की कुल 269 छात्राएं पांच बसों में सवार होकर कोटड़ा लौट रही थीं। रात करीब 9 बजे जैसे ही बसें जोगीवड़ और इमली के बीच पहुंचीं, सड़क किनारे छिपे बदमाशों ने एकाएक बसों पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। अचानक हुए हमले से बसों में सवार छात्राओं में चीख-पुकार मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बस चालकों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बसों की रफ्तार बढ़ाई और सभी छात्राओं को सुरक्षित कोटड़ा पहुंचाया। पथराव में पांचों बसों के आगे, पीछे और साइड के कई शीशे चकनाचूर हो गए। गनीमत रही कि टूटे हुए शीशों के बावजूद कोई छात्रा या स्टाफ सदस्य गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ और बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रशासन और शिक्षक कोटड़ा थाना पहुंचे, जहां अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लांबाहल्दू और जोगीवड़ क्षेत्र में पहले भी वाहनों पर पथराव और लूटपाट जैसी घटनाएं हो चुकी हैं। अब स्कूली छात्राओं की बसों को निशाना बनाए जाने से अभिभावकों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने मांग की है कि इस मार्ग पर रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को होने से रोका जा सके।
03 Aug 2026