
यह दर्दनाक हादसा बांसवाड़ा जिले के गांगड़तलाई क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय हुआ, जब पूजीलाल गेहूं निकालने का काम कर रहा था। काम के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से युवक के दोनों हाथ थ्रेसर मशीन के अंदर चले गए। मशीन में हाथ फंसते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत थ्रेसर मशीन को बंद कराया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। हादसे में युवक के दोनों हाथ बुरी तरह फैक्चर हो गए, वहीं सिर में भी गंभीर चोट आने की जानकारी सामने आई है। खून से लथपथ हालत में युवक को परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्राथमिक उपचार के बाद आवश्यक जांचें भी की जा रही हैं, ताकि चोटों की गंभीरता का सही आकलन किया जा सके। इस हादसे के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में खेतों में उपयोग होने वाली कृषि मशीनों की सुरक्षा को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
01 May 2026