
गोगुंदा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राम सिंह चदाणा की मौजूदगी में आयोजित इस बैठक में युवाओं का कांग्रेस में शामिल होना क्षेत्र की राजनीति में एक बड़ा मोड़ माना जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव लालसिंह झाला ने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर महंगाई बढ़ाने और आम जनता को गुमराह करने के गंभीर आरोप लगाए। लालसिंह झाला ने विकास कार्यों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के तहत हर घर पानी पहुंचाने का दावा पूरी तरह हवा-हवाई साबित हुआ है; गांव-गांव में पाइपलाइनें टूटी पड़ी हैं और टंकियां खाली हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आते ही सरकार को टूटी सड़कों की याद आ रही है और आनन-फानन में गिट्टी डाली जा रही है। उन्होंने जनता से सवाल किया कि विधायक को मिलने वाले करोड़ों के फंड से उनके गांवों में आखिर कितना विकास हुआ है? वहीं पूर्व मंत्री डॉ. मांगीलाल गरासिया ने पार्टी कार्यकर्ताओं में एकजुटता का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गोगुंदा, बड़गांव, सायरा और देवला पंचायत समितियों में पार्टी जिसे भी प्रत्याशी बनाएगी, सभी एकजुट होकर उसे जीत दिलाएंगे। बैठक में रतन सिंह राव, अशरफ शेख, अरुण मिश्रा और अभिमन्यु सिंह झाला सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
05 Oct 2026