
उदयपुर में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे अंबामाता थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और इस दौरान विनोद खटीक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल महाराणा भूपाल चिकित्सालय यानी एमबी हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही अंबामाता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है और विवाद के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। घायल के परिजनों का आरोप है कि हितेश रावत, निखिल रावत, हिमांशु रावत, लक्ष्मी रावत, दो नाबालिगों और उनके अन्य साथियों ने मिलकर विनोद खटीक पर हमला किया। परिजनों का यह भी दावा है कि विवाद के दौरान फायरिंग की गई और धारदार हथियार से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद महाराणा भूपाल चिकित्सालय में घायल के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपियों की भूमिका और फायरिंग के आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल घायल का उपचार जारी है और पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।