
तस्वीरें उदयपुर के शास्त्री सर्किल से भूपालपुरा जाने वाले मार्ग की हैं, जहां मंगलवार सुबह अचानक एक कार बेकाबू हो गई। देखते ही देखते कार सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों से टकराती चली गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि कार में एक महिला सवार थी। महिला के मुताबिक, अचानक कार का संतुलन बिगड़ा और वह वाहन को संभाल नहीं सकीं। इसके बाद कार सीधे सड़क किनारे खड़े वाहनों से जा टकराई। टक्कर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार का टायर भी फट गया। वहीं सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। हादसे की सूचना और तेज टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और महिला को संभाला। घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर भीड़ जमा रही। सड़क पर उस वक्त वाहनों की आवाजाही भी जारी थी। ऐसे में अगर कार किसी राहगीर या दूसरे वाहन से टकराती तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल कार के अनियंत्रित होने की वजह महिला द्वारा बताए गए अचानक संतुलन बिगड़ने को माना जा रहा है। हादसे में क्षतिग्रस्त वाहनों को देखकर टक्कर की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

25 Aug 2026